New Delhi : LPG सिलेंडर की बुकिंग के नियमों में बदलाव को लेकर चल रही खबरों को केंद्र सरकार ने खारिज कर दिया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने साफ किया है कि रिफिल बुकिंग के नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और देश में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। मंत्रालय के अनुसार, सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही यह जानकारी भ्रामक है। कुछ पोस्ट में दावा किया जा रहा था कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) और सामान्य उपभोक्ताओं के लिए सिलेंडर बुकिंग के बीच नए अंतराल तय किए गए हैं। हालांकि सरकार ने इन दावों को पूरी तरह गलत बताया है।
मौजूदा नियमों के अनुसार, शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल पर LPG सिलेंडर की बुकिंग की जा सकती है। यह नियम सभी उपभोक्ताओं पर समान रूप से लागू है, चाहे वे उज्ज्वला योजना के लाभार्थी हों या सामान्य उपभोक्ता। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि देश में एलपीजी का पर्याप्त भंडार मौजूद है और किसी तरह की कमी नहीं है। सभी सरकारी रिफाइनरियां पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं और विदेशों से लगातार तेल व गैस की आपूर्ति हो रही है। भारत पेट्रोलियम ने भी पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता की पुष्टि की है।
वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव, खासकर ईरान और इजरायल के बीच स्थिति को देखते हुए सरकार ने सात विशेष समूह बनाए हैं। ये समूह तेल, गैस और आपूर्ति व्यवस्था पर नजर रखेंगे, ताकि देश में किसी तरह की किल्लत या महंगाई न हो। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस की बुकिंग न करें।

