Tight security in Palamu for Ram Navami : रामनवमी के मद्देनजर पलामू जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बुधवार को जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी के तहत फ्लैग मार्च निकाला।
यह मार्च पलामू के चैनपुर और मेदिनीनगर के संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिस जवान शामिल हुए।
यह फ्लैग मार्च DC समीरा एस और SP रीष्मा रमेशन के नेतृत्व में निकाला गया। प्रशासन का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना और त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना है।
इसी बीच हरिहरगंज में Interstate Police की महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई। इस बैठक में पलामू और बिहार के औरंगाबाद जिले के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
दरअसल, रामनवमी के दौरान दोनों राज्यों के जुलूस एक-दूसरे के क्षेत्रों से होकर गुजरते हैं, जिसे देखते हुए समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बैठक के बाद झारखंड-बिहार सीमा पर संयुक्त Flag March भी निकाला गया। इसमें दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हुए, ताकि सीमावर्ती क्षेत्रों में भी सुरक्षा मजबूत बनी रहे।
DC समीरा एस ने बताया कि रामनवमी को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और हर जगह दंडाधिकारी व पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि पर्व सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जाए।
वहीं, एसपी रीष्मा रमेशन ने कहा कि फ्लैग मार्च के जरिए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। साथ ही लोगों से संवाद कर फीडबैक भी लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जुलूस के सभी रूट का सत्यापन कर लिया गया है और हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है।
