Bomb Threat Stirs Jharkhand : झारखंड में एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। धनबाद जिला सिविल कोर्ट और रांची के डीसी ऑफिस को मिली धमकी के बाद दोनों जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
धनबाद जिला सिविल कोर्ट को गुरुवार को धमकी मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को घेर लिया गया। डॉग स्क्वायड और मेटल डिटेक्टर की मदद से कोर्ट परिसर की गहन जांच की गई।
इसके साथ ही वहां खड़े सभी वाहनों की भी तलाशी ली गई। सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और आने-जाने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी 12 मार्च को कोर्ट को इसी तरह की धमकी मिल चुकी है। लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए पुलिस मामले को गंभीरता से लेकर जांच कर रही है।
इधर रांची में भी जिला प्रशासन को धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। डीसी ऑफिस के आधिकारिक मेल पर समाहरणालय भवन को बम से उड़ाने की बात कही गई है। सूचना मिलते ही परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गया।
पुलिस और साइबर टीम उस ईमेल आईडी की जांच कर रही है, जिससे धमकी भेजी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर ली जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और अगर कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नजर आए तो तुरंत सूचना दें। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।

