Ranchi : झारखंड में मौसम लगातार करवट ले रहा है। पिछले दो दिनों से तेज धूप के कारण तापमान बढ़ा था और लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा था। लेकिन अब 27 मार्च से मौसम फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में आज से 31 मार्च तक गरज के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना है। रामनवमी के मौके पर रांची, हजारीबाग समेत कई जिलों में जुलूस निकाले जाने हैं। ऐसे में खराब मौसम इन आयोजनों को प्रभावित कर सकता है। विभाग ने 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का भी अलर्ट जारी किया है।
इन इलाकों में ज्यादा असर की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को उत्तर-पश्चिमी, दक्षिण-पूर्वी और मध्य झारखंड के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। कुछ जिलों में तेज हवा भी चलेगी, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। शनिवार 28 मार्च को भी दक्षिण-पश्चिम, मध्य और उत्तर-पूर्वी इलाकों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा और बारिश के आसार हैं।
31 मार्च तक बदला रहेगा मौसम
विभाग के मुताबिक 29 मार्च को मौसम सामान्य हो सकता है, लेकिन 30 और 31 मार्च को फिर से मौसम बिगड़ेगा। इन दिनों 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और गरज के साथ बारिश की संभावना है। कुल मिलाकर 31 मार्च तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
शहरों का संभावित तापमान
रांची में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। जमशेदपुर में अधिकतम 37 और न्यूनतम 22 डिग्री रह सकता है। धनबाद में अधिकतम 36 और न्यूनतम 22 डिग्री का अनुमान है। डाल्टनगंज में अधिकतम 36 और न्यूनतम 20 डिग्री रह सकता है। देवघर में अधिकतम 35 और न्यूनतम 21 डिग्री रहने की संभावना है। मेदिनीनगर में अधिकतम 36 और न्यूनतम 20 डिग्री रह सकता है, जबकि मैक्लूसकीगंज में अधिकतम 33 और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।

