Ranchi : झारखंड में 28 मार्च को मौसम का मिजाज फिर बदल गया है। राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में वज्रपात और तेज हवा को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के आसार हैं। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में भी दिनभर बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने की संभावना है। तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
आने वाले दिनों का हाल
मौसम विभाग के अनुसार 29 मार्च को भी कई इलाकों में तेज हवा, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। वहीं 30 मार्च को मौसम थोड़ा शांत रहने की उम्मीद है और किसी बड़े अलर्ट की संभावना नहीं है।
31 मार्च से फिर बदलेगा मौसम
31 मार्च को एक बार फिर मौसम सक्रिय हो सकता है। राज्य के अधिकतर हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवा और हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। इसका असर 1 अप्रैल तक कुछ इलाकों में बना रह सकता है। हालांकि 2 अप्रैल से मौसम सामान्य होने का अनुमान है।
Also Read : नेपाल के पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली हिरासत में, विरोध प्रदर्शनों के दमन मामले में कार्रवाई

