Bihar 10th Result News: बिहार बोर्ड एक बार फिर देश में सबसे पहले मैट्रिक का रिजल्ट जारी करने की तैयारी में है। 15 फरवरी से 23 फरवरी 2026 के बीच आयोजित हुई 10वीं की परीक्षा में इस साल 16 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए थे। इंटरमीडिएट यानी 12वीं का रिजल्ट 23 मार्च को जारी होने के बाद अब सबकी नजरें मैट्रिक के नतीजों पर टिकी थीं।
कॉपी जांच पूरी. टॉपर्स वेरिफिकेशन जारी
बोर्ड के विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा हो चुका है और अब टॉपर्स के इंटरव्यू की प्रक्रिया चल रही है। बिहार बोर्ड की परंपरा के मुताबिक, रिजल्ट जारी करने से पहले टॉप 10 में आने वाले छात्रों का फिजिकल वेरिफिकेशन किया जाता है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और किसी तरह की गड़बड़ी से बचा जा सके।
पिछले साल 82.91 प्रतिशत छात्र हुए थे पास
पिछले साल 2025 में मैट्रिक का रिजल्ट 29 मार्च को दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर जारी किया गया था। उस समय कुल 82.91 प्रतिशत छात्र सफल हुए थे। इस बार भी रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र अपनी मार्कशीट ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे। हालांकि ओरिजिनल मार्कशीट कुछ दिनों बाद संबंधित स्कूलों से मिलेगी।

