Chaibasa : चाईबासा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती देर रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरकुंडिया गांव में एक हाथी के हमले में पुजारी महिला चांदो देवी (56) की मौत हो गई, जबकि एक अन्य पुजारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, चांदो देवी तांतनगर प्रखंड के कुम्बराम गांव की रहने वाली थीं और पूजा-पाठ का काम करती थीं। घटना के समय वह बरकुंडिया गांव के तुरामडीह टोला में स्थित एक झोपड़ीनुमा मंदिर में सो रही थीं। तभी जंगल से आए एक जंगली हाथी ने झोपड़ी पर हमला कर दिया और उन्हें सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हमले के दौरान वहां मौजूद पुजारी लखन कुदादा पर भी हाथी ने हमला किया, लेकिन वह किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना के बाद ग्रामीणों ने टॉर्च और मशाल की मदद से हाथी को वहां से खदेड़ा। घायल चांदो देवी और लखन कुदादा को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही चांदो देवी की मौत हो गई। वहीं, लखन कुदादा का इलाज अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी को जंगल की ओर खदेड़ दिया। विभाग ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने का आश्वासन दिया है।
गौरतलब है कि पिछले तीन महीनों में जिले में हाथियों के हमले से 25 लोगों की जान जा चुकी है। पश्चिमी सिंहभूम में हाथियों की संख्या अधिक होने के कारण मानव-हाथी संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।

