New Delhi : IPL 2026 में अच्छी शुरुआत करने वाली दिल्ली कैपिटल्स अब संघर्ष करती नजर आ रही है। शुरुआती दो मैच जीतने के बाद टीम लगातार हार झेल रही है। सात मुकाबलों में चार हार के साथ उसकी स्थिति अंक तालिका में कमजोर हो गई है। सबसे बड़ी चिंता घरेलू मैदान अरुण जेटली स्टेडियम पर लगातार दूसरी हार है।
बल्लेबाजी ठीक, गेंदबाजी-फील्डिंग कमजोर
दिल्ली के लिए केएल राहुल लगातार रन बना रहे हैं और नितीश राणा ने भी अर्धशतक लगाकर फॉर्म में वापसी के संकेत दिए हैं। लेकिन टीम की गेंदबाजी और फील्डिंग चिंता का कारण बनी हुई है। पंजाब के खिलाफ खराब फील्डिंग के कारण टीम को बड़ी हार का सामना करना पड़ा।
आज बेंगलुरु से मुकाबला
अब दिल्ली के सामने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की चुनौती है। विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार और टिम डेविड जैसे खिलाड़ियों से सजी बेंगलुरु की टीम संतुलित दिख रही है। टीम ने सात में से पांच मैच जीतकर अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया है।
आमने-सामने के आंकड़े
दोनों टीमों के बीच अब तक 34 मैच खेले गए हैं, जिसमें बेंगलुरु ने 20 और दिल्ली ने 13 मुकाबले जीते हैं। अरुण जेटली स्टेडियम में भी बेंगलुरु का रिकॉर्ड बेहतर रहा है।
पिच रिपोर्ट
दिल्ली का यह मैदान बल्लेबाजों के लिए अनुकूल माना जाता है। छोटी बाउंड्री और तेज आउटफील्ड से रन बनाना आसान होता है। हालांकि पिच धीरे-धीरे धीमी हो जाती है, जिससे स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलती है।
चोट से बढ़ी दिल्ली की परेशानी
तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी की गर्दन की चोट ने टीम की चिंता बढ़ा दी है। अगर वह बाहर होते हैं तो दिल्ली को बड़ा नुकसान हो सकता है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
- दिल्ली कैपिटल्स : पथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश राणा, समीर रिजवी, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, कुलदीप यादव, विपराज निगम, टी नटराजन, मुकेश कुमार।
- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु : विराट कोहली, फिल साल्ट/जैकब बैथल, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा।

