New Delhi: आम आदमी पार्टी (AAP) और अरविंद केजरीवाल को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। राज्यसभा में राघव चड्ढा, संदीप पाठक समेत 7 सांसदों के BJP में शामिल होने के प्रस्ताव को राज्यसभा सभापति ने मंजूरी दे दी है। राज्यसभा की ओर से जारी नोटिफिकेशन में इन नेताओं के नाम BJP सांसदों की सूची में शामिल कर दिए गए हैं।
राज्यसभा में बीजेपी की संख्या बढ़ी
इन 7 सांसदों के BJP में शामिल होने के बाद राज्यसभा में BJP सांसदों की संख्या बढ़कर 113 हो गई है। इसमें 5 राष्ट्रपति द्वारा मनोनीत सदस्य भी शामिल हैं।
बीजेपी में शामिल होने वाले सांसदों के नाम
बीजेपी में शामिल होने वाले AAP सांसदों में अशोक कुमार मित्तल, राघव चड्ढा, हरभजन सिंह, संदीप कुमार पाठक, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल और राजेंद्र गुप्ता शामिल हैं।
AAP के पास अब सिर्फ 3 सांसद बचे
शुक्रवार को राघव चड्ढा और संदीप पाठक ने BJP में शामिल होने का ऐलान किया था। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने मिठाई खिलाकर इन सांसदों का स्वागत किया था। 7 सांसदों के BJP में जाने के बाद अब आम आदमी पार्टी के पास राज्यसभा में सिर्फ 3 सांसद बचे हैं। इनमें संजय सिंह, नारायण दास गुप्ता और संत बलबीर सिंह शामिल हैं।
संजय सिंह ने बताया गैरकानूनी
सांसदों के दल बदल पर AAP नेता संजय सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई थी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने 7 सांसदों के इस कदम को गैरकानूनी बताया। संजय सिंह ने राघव चड्ढा समेत सभी 7 सांसदों की सदस्यता रद्द करने की मांग की थी। उनका आरोप था कि बीजेपी ने नियमों के खिलाफ काम किया है। हालांकि, इसके बावजूद इन सांसदों को BJP में शामिल होने की मंजूरी मिल गई।
भगवंत मान ने राघव चड्ढा को बताया ‘गद्दार’
AAP नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी इस मामले में काफी नाराज नजर आए। उन्होंने राघव चड्ढा पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘गद्दार’ तक कह दिया।

