Patna : बिहार दिवस के मौके पर पटना के गांधी मैदान में 22 से 24 मार्च तक तीन दिनों का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस बार थीम है “उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार”, जिसमें राज्य की विकास यात्रा, संस्कृति और सामाजिक बदलाव की झलक देखने को मिलेगी।
पहले दिन सोना महापात्रा का जलवा
22 मार्च को कार्यक्रम की शुरुआत बॉलीवुड सिंगर सोना महापात्रा की शानदार प्रस्तुति से होगी। वहीं श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में पंडित जगत नारायण पाठक ध्रुपद गायन पेश करेंगे।
दूसरे दिन शान के गानों पर झूमेगा पटना
23 मार्च को बॉलीवुड सिंगर शान अपने हिट गानों से माहौल को और रंगीन बना देंगे। इसी दिन ‘बुद्धचरित’ नृत्य नाटिका के जरिए भगवान बुद्ध के जीवन को दर्शाया जाएगा। रवींद्र भवन में हास्य कवि सुरेंद्र शर्मा और उनकी टीम लोगों को हंसाएगी। साथ ही ‘वैजयंती’ नाटक का मंचन भी होगा।
तीसरे दिन पापोन की प्रस्तुति
24 मार्च को समापन के दिन बॉलीवुड सिंगर पापोन अपनी सुरीली आवाज से लोगों का दिल जीतेंगे।
धरोहर पवेलियन बनेगा खास आकर्षण
गांधी मैदान में करीब 15 हजार वर्गफुट में ‘धरोहर दर्शन’ पवेलियन बनाया गया है। यहां बिहार की ग्रामीण संस्कृति, लहठी और सुजनी जैसी पारंपरिक कलाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। महिला उद्यमियों और जीविका समूहों के लिए अलग स्टॉल भी लगाए गए हैं।
फिल्म और नाट्य उत्सव भी खास
बिहार संग्रहालय और आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय में ‘नदिया के पार’ और ‘तीसरी कसम’ जैसी फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी। साथ ही 22 से 26 मार्च तक प्रेमचंद रंगशाला में महिला नाट्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें महिलाओं की कहानियों को मंच पर दिखाया जाएगा।
सुरक्षा और सुविधाओं का पूरा इंतजाम
पूरे कार्यक्रम पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और पटना स्मार्ट सिटी के कंट्रोल सेंटर से निगरानी की जाएगी। लोगों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क, अस्थायी अस्पताल, एंबुलेंस, फायर टेंडर, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था की गई है।
संस्कृति और विकास का संगम
बिहार दिवस का यह आयोजन सिर्फ उत्सव नहीं, बल्कि राज्य की संस्कृति, कला और विकास को दिखाने का बड़ा मंच है। यहां लोगों को एक साथ बिहार की परंपरा और प्रगति दोनों की झलक देखने को मिलेगी।

