Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची के रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म नंबर दो पर खड़ी स्वर्णजयंती एक्सप्रेस की छत पर एक युवक के अचानक कूदने के बाद वह हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया। इस घटना के बाद पूरे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि ट्रेन की छत के ऊपर से गुजर रहे करीब 25 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार के संपर्क में आते ही युवक गंभीर रूप से झुलस गया और छत पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। उसे ट्रेन की छत से नीचे उतारने में करीब 20 मिनट का समय लग गया।
हाईटेंशन तार से हुआ भीषण हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक जैसे ही ट्रेन की छत पर खड़ा हुआ, उसी समय उसका शरीर ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार के संपर्क में आ गया। इसके बाद जोरदार धमाके जैसी आवाज हुई और युवक के शरीर में आग लग गई। आवाज इतनी तेज थी कि प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्री घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे।
RPF और GRP ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत रेलवे पुलिस और स्टेशन प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यह घटना आत्महत्या के प्रयास से भी जुड़ी हो सकती है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मंत्री की मौजूदगी में हुई घटना
यह हादसा उस समय हुआ जब रांची रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री Sanjay Seth ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के लिए मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने ट्रेन को हरी झंडी दिखाने और कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करने से मना कर दिया। मंत्री ने तुरंत गुरु नानक अस्पताल को सूचना देकर घायल युवक का इलाज शुरू कराने को कहा।
60 प्रतिशत से अधिक झुलसा युवक
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम ने घायल युवक को पहले गुरु नानक अस्पताल पहुंचाया। बाद में उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे Rajendra Institute of Medical Sciences (RIMS) में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार युवक करीब 60 प्रतिशत से ज्यादा जल चुका है और फिलहाल उसका इलाज बर्न वार्ड में चल रहा है। RPF के जवान अस्पताल में मौजूद हैं और घायल युवक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

