New Delhi : पश्चिम एशिया में ईरान और इजराइल के बीच जारी तनाव का असर अब भारत के तेल बाजार पर भी पड़ने लगा है। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच केंद्र सरकार ने आम लोगों को राहत देने के लिए पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती का फैसला लिया है। सरकार ने पेट्रोल और डीजल दोनों पर 10-10 रुपये प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी घटा दी है। इसके बाद पेट्रोल पर लगने वाली ड्यूटी 13 रुपये से घटकर 3 रुपये प्रति लीटर रह गई है, जबकि डीजल पर लगने वाली 10 रुपये प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी पूरी तरह खत्म कर दी गई है। हालांकि, राज्य सरकारों का वैट पहले की तरह लागू रहेगा।
कच्चे तेल की कीमतों में उछाल
इजराइल-ईरान तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 70 डॉलर से बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है। इससे तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है और कीमतें बढ़ने की आशंका बनी हुई थी।
कीमतें फिलहाल स्थिर रहेंगी
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, एक्साइज ड्यूटी में कटौती का मकसद तेल कंपनियों को राहत देना है, ताकि पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाने की जरूरत न पड़े। फिलहाल देश में पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है और कीमतें स्थिर रखी गई हैं। राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत करीब 94.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर है। वहीं मुंबई, चेन्नई, लखनऊ और नोएडा जैसे शहरों में भी कीमतें लगभग इसी स्तर पर बनी हुई हैं।
नायरा एनर्जी ने बढ़ाए थे दाम
इससे पहले नायरा एनर्जी ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपये और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की थी। इसके बाद सरकार ने एक्साइज ड्यूटी घटाकर कीमतों को नियंत्रित रखने का कदम उठाया है।
Also Read : पलामू टाइगर रिजर्व पर झारखंड हाई कोर्ट सख्त, अधूरा जवाब देने पर अधिकारियों की पेशी का आदेश

