Chandigarh News: चंडीगढ़ में बीजेपी दफ्तर के बाहर हुए धमाके का एक वीडियो सामने आया है। पुलिस के मुताबिक यह वीडियो संदिग्ध हमलावरों का है। शुरुआती जांच में पता चला है कि हमलावर ने हाथ में ग्रेनेड लेकर बीजेपी दफ्तर की तरफ फेंका, जो पास में खड़ी एक स्कूटी के पास जाकर फट गया। इसके बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए और बाइक पर बैठकर भाग निकले।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक हमलावर जेब से ग्रेनेड निकालता है, उसकी पिन खींचता है और फिर बीजेपी दफ्तर के बाहर फेंक देता है। धमाका करने के बाद दोनों मौके से भाग जाते हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों के चेहरे CCTV फुटेज में कैद हो गए हैं और उनकी तलाश जारी है।
गन पाउडर मिलाकर बनाया गया था बम
पुलिस के मुताबिक हमलावर बाइक से आए थे। उन्होंने पहले बाइक खड़ी की और फिर पैदल जाकर ग्रेनेड फेंक दिया। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि बम को गन पाउडर मिलाकर तैयार किया गया था। फिलहाल दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।
स्कूटी के पास हुआ जोरदार धमाका
बीजेपी दफ्तर के बाहर पार्किंग में खड़ी एक स्कूटी के पास धमाका हुआ। स्कूटी मालिक ने बताया कि धमाका काफी तेज था और इससे स्कूटी के शीशे टूट गए। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की जानकारी नहीं मिली है।
खालिस्तानी एंगल से भी जांच
सूत्रों के मुताबिक 2024, 2025 और 2026 के दौरान पंजाब में सरकारी इमारतों, पुलिस दफ्तरों, बीजेपी और आरएसएस कार्यालयों के साथ हिंदू संगठनों के नेताओं को निशाना बनाया गया है।
हाल ही में पंजाब और चंडीगढ़ पुलिस ने कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था, जिन पर पाकिस्तान के इशारे पर माहौल खराब करने की साजिश रचने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि 2024–25 में खालिस्तानी आतंकी हैप्पी पासियां ने 20 से ज्यादा हमले करवाए थे। इनमें पुलिस थानों, चौकियों और दफ्तरों पर ग्रेनेड हमले शामिल थे। हैप्पी पासियां फिलहाल अमेरिका में बताया जा रहा है। इन हमलों में उसका सहयोगी जीवन फौजी भी शामिल रहा, जो अभी देश से बाहर है।बीजेपी दफ्तर के बाहर हुए इस धमाके के बाद केंद्रीय एजेंसियां भी अलर्ट मोड पर हैं। मामले की जांच खालिस्तानी एंगल से भी की जा रही है।
