हजारीबाग में अपराधियों का दुस्साहस : हथियार के बल पर हाईवा रोका, इंजन में लगा दी आग

Hazaribagh : जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। बीती देर रात हथियारबंद अपराधियों ने छरी (पत्थर) लदे एक हाईवा को रोककर उसमें आग लगा दी। इस घटना में वाहन का इंजन और चेचिस पूरी तरह जलकर राख हो गया, जबकि डाला को आग से बचा लिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मुड़कट्टी चौक के पास देर रात हुई वारदात

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना बड़कागांव थाना क्षेत्र के होरम–हरली पथ स्थित मुड़कट्टी चौक के पास रात करीब 11 बजे हुई। बताया जा रहा है कि हाईवा इचाक से छरी लेकर हरली गांव की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन मुड़कट्टी चौक के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर उसे रोक लिया। इसके बाद अपराधियों ने ड्राइवर को जबरन वाहन से नीचे उतार दिया और हाईवा के इंजन और चेचिस में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

इंजन और चेचिस पूरी तरह जलकर राख

घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना की पुलिस तुरंत हरकत में आई। थाना के एसआई राकेश कुमार पुलिस बल और अग्निशमन दल के साथ मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक वाहन का इंजन और चेचिस पूरी तरह जल चुका था। राहत की बात यह रही कि हाईवा का डाला आग से बचा लिया गया।

इलाके में बढ़ रही अपराध की घटनाएं

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से थाना क्षेत्र में अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं। हाल ही में नापोखुर्द गांव में हुए खूनी संघर्ष में दो लोगों की हत्या और छह लोगों के जख्मी होने की घटना भी सामने आई थी। इसके बाद पुलिस विभाग भी सख्त हुआ था। अब हाईवा में आग लगाने की इस घटना ने इलाके के लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

पुलिस ने शुरू की छापेमारी

इस मामले में नए थानेदार दीपक कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए इलाके में छापेमारी शुरू कर दी गई है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img