Palamu : पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जंगल में महुआ चुनने गए एक बुजुर्ग की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक की शिनाख्त राजदेव पासवान के रूप में हुई है, जो माड़न पंचायत के केरकी गांव के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि वे रविवार को अपनी पत्नी के साथ जंगल में महुआ चुनने गए थे।
गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंची पत्नी
मिली जानकारी के अनुसार दोनों अलग-अलग जगह पर महुआ चुन रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने राजदेव पासवान को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर उनकी पत्नी दौड़कर मौके पर पहुंची, जहां उन्होंने पति को मृत अवस्था में पड़ा पाया। पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी तुरंत पांकी थाना पुलिस को दी गई। इसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जांच में जुटी पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है और अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
अधिकारियों ने कहा…
लेस्लीगंज के एसडीपीओ मनोज कुमार झा ने मीडिया को बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है और हर पहलू से जांच की जा रही है। वहीं पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन ने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हुई है।

