Latehar : रामनवमी पर्व को लेकर लातेहार जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर आज यानी बुधवार को पुलिस केंद्र में विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस मॉक ड्रिल में पुलिस जवानों को आपात स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। अभ्यास के दौरान भीड़ नियंत्रण, दंगाइयों पर काबू पाने और त्वरित कार्रवाई के तरीके सिखाए गए। जवानों को यह बताया गया कि जुलूस के दौरान किसी भी स्थिति में कम से कम बल प्रयोग करते हुए हालात को कैसे नियंत्रित किया जाए।
ड्रिल के दौरान आंसू गैस के गोले छोड़ने, लाठीचार्ज की प्रक्रिया और रबर बुलेट्स के इस्तेमाल का भी अभ्यास कराया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस अभ्यास का उद्देश्य पुलिस के रिस्पॉन्स टाइम को बेहतर बनाना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए डीसी और एसपी की मौजूदगी में टाउन हॉल में एक बैठक भी आयोजित की गई। इस बैठक में जिलेभर के पुलिस पदाधिकारी और दंडाधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों को रामनवमी के दौरान सतर्क रहने और हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए।

