Petrol purchase limit India: सरकार ने पेट्रोल-डीजल को लेकर फैल रही अफवाहों से बचने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक देश में फिलहाल पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। भारत के पास करीब 60 दिनों का कच्चा तेल और ईंधन का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। सरकार रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार (SPR) बढ़ाने पर भी काम कर रही है। अफ्रीकी देशों और रूस से ज्यादा मात्रा में कच्चा तेल आयात किया जा रहा है। साथ ही देश की सभी रिफाइनरियों को फुल कैपेसिटी पर चलाया जा रहा है, ताकि सप्लाई में कोई दिक्कत न आए।
अफवाहों के बीच कई शहरों में लंबी लाइनें
इन सबके बावजूद देश के कुछ शहरों में पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें देखने को मिल रही हैं। लोग अपनी बाइक और कार की टंकी फुल करवा रहे हैं ताकि इमरजेंसी में परेशानी न हो। हालांकि सरकार ने साफ कहा है कि जितनी जरूरत हो, उतना ही पेट्रोल-डीजल भरवाएं। घर में तेल स्टोर करना खतरनाक भी है और कई मामलों में यह कानूनी अपराध भी हो सकता है।
एक दिन में कितना पेट्रोल खरीद सकते हैं?
नियमों के मुताबिक, आप अपने वाहन में जितनी बार चाहें उतनी बार पेट्रोल-डीजल भरवा सकते हैं। इस पर कोई खास सीमा तय नहीं है।
लेकिन अगर आप कैन या बोतल में तेल लेना चाहते हैं, तो आमतौर पर:
- 2 से 5 लीटर तक आसानी से मिल जाता है
- जरूरत बताने पर कुछ पंप 5 से 10 लीटर तक दे देते हैं
- पेट्रोल साधारण प्लास्टिक बोतल में नहीं दिया जाता
- स्टील या भारी प्लास्टिक के Approved Container में ही तेल मिलता है
ड्रम में तेल लेने के लिए जरूरी है परमिट
अगर किसी को 20, 50 या 200 लीटर पेट्रोल-डीजल ड्रम में चाहिए, तो इसके लिए परमिट या लाइसेंस लेना पड़ता है। पेट्रोलियम एक्ट 1934 के तहत इसके नियम तय हैं।
इसके लिए आपको बताना होगा:
- तेल किस काम के लिए चाहिए (जेनरेटर, खेती, इंडस्ट्री आदि)
- तेल कहां और कैसे स्टोर करेंगे
- सुरक्षा के क्या इंतजाम होंगे
मिडिल-ईस्ट तनाव के बीच सरकार की तैयारी
मिडिल-ईस्ट में तनाव को देखते हुए भारत सरकार वैकल्पिक इंतजाम भी कर रही है। अब भारत करीब 41 देशों से तेल और गैस आयात कर रहा है, जबकि पहले यह संख्या 27 थी। सरकार रिन्यूएबल एनर्जी और PNG पर भी जोर दे रही है, ताकि तेल पर निर्भरता कम हो सके। फिलहाल भारत अपनी जरूरत का लगभग 85% कच्चा तेल आयात करता है।

