How to Choose Watermelon : गर्मियों का मौसम आते ही बाजार में तरबूज की मांग बढ़ जाती है। यह फल शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ पानी की कमी भी पूरी करता है। लेकिन कई बार लोग तरबूज (Watermelon ) खरीदते समय धोखा खा जाते हैं और घर लाने पर वह अंदर से कच्चा या फीका निकलता है।
ऐसे में सही और मीठा तरबूज पहचानना बहुत जरूरी हो जाता है। कुछ आसान बातों का ध्यान रखकर आप बिना काटे ही अच्छे तरबूज का चुनाव कर सकते हैं।
फील्ड स्पॉट पर दें ध्यान
तरबूज के नीचे पीले रंग का धब्बा होता है, जिसे Field Spot कहा जाता है। अगर यह धब्बा गहरा पीला या क्रीम रंग का है, तो तरबूज पका और मीठा होगा। वहीं हल्का या सफेद धब्बा कच्चे फल की निशानी है।
आकार और बनावट देखें
अच्छा तरबूज गोल या अंडाकार और बराबर आकार का होना चाहिए। अगर इसमें गड्ढे या उभार हैं, तो इसका मतलब है कि फल ठीक से विकसित नहीं हुआ है।
वजन से करें पहचान
पका हुआ तरबूज अपने आकार के हिसाब से भारी होता है। भारी तरबूज में पानी ज्यादा होता है, जिससे वह रसीला और ताजा होता है।
थपथपाकर आवाज सुनें
तरबूज को हल्के से थपथपाने पर अगर गहरी और खोखली आवाज आए, तो वह पका हुआ है। वहीं धीमी या दबाव वाली आवाज कच्चे या खराब फल का संकेत हो सकती है।
शुगर स्पॉट्स पर नजर डालें
तरबूज पर भूरे रंग (Brown Color) के जाले जैसे निशान दिखाई दें, तो यह मिठास का संकेत हो सकता है। यह अच्छे परागण की निशानी मानी जाती है।
छिलके की जांच करें
अच्छे तरबूज का छिलका चमकीला नहीं बल्कि थोड़ा फीका और मजबूत होना चाहिए। ज्यादा चमकदार छिलका अक्सर कच्चे फल की ओर इशारा करता है।
डंठल से पहचानें
अगर तरबूज का डंठल सूखा और भूरा है, तो यह पका हुआ है। वहीं हरा डंठल बताता है कि फल को जल्दी तोड़ लिया गया है।

