IndiGo Flight Ticket Hike: मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव का असर अब हवाई सफर पर भी दिखने लगा है। Aviation Turbine Fuel (ATF) की कीमतों में उछाल के बाद एयरलाइन कंपनी IndiGo ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का फैसला किया है। नई दरें गुरुवार से लागू हो जाएंगी। खासतौर पर यूरोप और यूके रूट पर चार गुना तक बढ़ोतरी की गई है। इससे यात्रियों की जेब पर बड़ा असर पड़ने की आशंका है।
यूरोप और यूके रूट पर सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
IndiGo ने लंबी दूरी वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में बड़ा बदलाव किया है। यूके और यूरोप जाने वाली उड़ानों के लिए फ्यूल सरचार्ज में चार गुना से ज्यादा बढ़ोतरी की गई है। पहले जहां यह शुल्क 2300 रुपए था, अब इसे बढ़ाकर 10 हजार रुपए कर दिया गया है।ग्रीस और तुर्की जाने वाली उड़ानों के लिए फ्यूल सरचार्ज 7500 रुपए तय किया गया है।
अफ्रीका रूट भी हुआ महंगा
अफ्रीका जाने वाले यात्रियों को भी अब ज्यादा भुगतान करना होगा। इस रूट पर फ्यूल सरचार्ज 5000 रुपए तय किया गया है।
घरेलू उड़ानों में भी बदले नियम
IndiGo ने घरेलू उड़ानों के लिए भी नई व्यवस्था लागू की है। पहले 1000 किलोमीटर से ज्यादा दूरी वाले रूट पर 425 रुपए का समान फ्यूल सरचार्ज लिया जाता था। अब यह व्यवस्था खत्म कर दी गई है। नई व्यवस्था के तहत दूरी के आधार पर अलग-अलग दरें तय की गई हैं।
275 से 950 रुपए तक देना होगा सरचार्ज
नई दरों के मुताबिक घरेलू उड़ानों में फ्यूल सरचार्ज 275 रुपए से लेकर 950 रुपए के बीच रहेगा। यानी यात्रा की दूरी जितनी ज्यादा होगी, उतना ही अधिक सरचार्ज देना पड़ेगा।
ATF महंगा होने से बढ़ी एयरलाइंस की लागत
IndiGo का कहना है कि एविएशन टर्बाइन फ्यूल की बढ़ती कीमतों का असर ऑपरेशन कॉस्ट पर पड़ रहा है। इसी वजह से यह कदम उठाना पड़ा है। हालांकि, इस बढ़ोतरी का सीधा असर यात्रियों की जेब पर पड़ेगा और आने वाले दिनों में हवाई सफर और महंगा हो सकता है।

