KVIC Scam : रांची से जुड़े खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (KVIC) घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। यह चार्जशीट रांची स्थित PMLA की विशेष अदालत में पेश की गई है।
ED की चार्जशीट में KVIC रांची के तत्कालीन कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार, सीनियर कार्यपालक अधिकारी अमन कुमार, शाहिल, प्रिया, बिनोद कुमार बैठा और बंकु निषाद को आरोपी बनाया गया है।
यह मामला पहले CBI की जांच से सामने आया था। 2016 से 2018 के बीच हुए इस घोटाले की शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने प्राथमिकी दर्ज की थी। जांच में पाया गया कि नियमों का उल्लंघन कर सरकारी राशि का गलत इस्तेमाल किया गया।
ED की जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी ने अपने सहयोगियों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर एक फर्जी कंपनी बनाई थी।
इस कंपनी के जरिए खादी रिफॉर्म एंड डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत मिले करीब 3.89 करोड़ रुपये को बिना किसी काम के निजी खातों में ट्रांसफर कर लिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि पैसे को छिपाने के लिए रिश्तेदारों के बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया। अलग-अलग खातों में पैसे घुमाकर मनी लॉन्ड्रिंग की गई।
इसके अलावा आरोपी ने अपनी पत्नी के नाम पर रांची के ओरमांझी में जमीन खरीदी और रजिस्ट्री में जमीन की कीमत कम दिखाकर असली लेन-देन छिपाने की कोशिश की।
ED इससे पहले भी इस मामले में कार्रवाई कर चुकी है। छापेमारी और जांच के दौरान अब तक कुल 1.02 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है, जिसमें बैंक खाते और जमीन शामिल हैं। इस जब्ती को संबंधित प्राधिकरण से मंजूरी भी मिल चुकी है।

