Ranchi : झारखंड सरकार ने राज्य में चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने और डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए मेडिकल कॉलेजों में सीटें बढ़ाने की पहल की है। इस संबंध में अंडर ग्रेजुएट (MBBS) और पोस्ट ग्रेजुएट (MD/MS) सीटों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव नेशनल मेडिकल काउंसिल (NMC) को भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जमशेदपुर स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज में MBBS सीटों को 100 से बढ़ाकर 150 करने का प्रस्ताव है। इसी तरह दुमका, हजारीबाग और धनबाद के मेडिकल कॉलेजों में भी 100 सीटों को बढ़ाकर 150 करने की योजना है। वहीं रांची के रिम्स में MBBS सीटें 180 से बढ़ाकर 250 करने का प्रस्ताव भेजा गया है।
पोस्ट ग्रेजुएट सीटों में भी बढ़ोतरी की तैयारी की गई है। जमशेदपुर में PG सीटें 45 से बढ़कर 51 हो चुकी हैं। धनबाद में पहले 9 सीटें थीं, जिन्हें बढ़ाकर 19 कर दिया गया है, जबकि वहां कुल 25 सीटों के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। इसके अलावा राज्य के तीन नए मेडिकल कॉलेजों दुमका, हजारीबाग और पलामू में PG कोर्स शुरू करने की तैयारी चल रही है। इन कॉलेजों में क्रमशः 21, 30 और 21 सीटों का प्रस्ताव NMC को भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद इन संस्थानों में भी PG की पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि सीटों में बढ़ोतरी से राज्य में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी। इससे लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी और बीमारियों का समय पर निदान संभव हो सकेगा।

