Ranchi : झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 31 मार्च तक साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर बना रहेगा, जिसके कारण राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। विभाग ने बताया कि 26 और 29 मार्च को मौसम शुष्क रहेगा और आंशिक बादल छाए रहेंगे। वहीं 27 मार्च, यानी रामनवमी के दिन कुछ इलाकों में मेघ गर्जन के साथ बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक 28 मार्च को उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना है। इसके अलावा 30 मार्च को पूर्वी और मध्य भागों में तथा 31 मार्च को उत्तर-पश्चिम को छोड़कर अन्य क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है। 27 और 28 मार्च को वज्रपात और तेज हवा की आशंका को देखते हुए पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 1.2 डिग्री बढ़ा है। मौसम साफ रहने के कारण दोपहर में तेज धूप से लोगों को परेशानी हो रही है। गुरुवार को तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। खासकर पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा जैसे जिलों में तापमान 37-38 डिग्री तक जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 18 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल एक दिन गर्मी रहने के बाद फिर मौसम बदलेगा और 27 मार्च से बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।

