रांची पुलिस ने सरहुल जुलूस में बिछड़े बच्चे को परिवार से मिलाया, रातभर चला सर्च अभियान

Ranchi : सरहुल की शोभायात्रा के दौरान भीड़ में बिछड़े एक मासूम बच्चे को रांची पुलिस ने सुरक्षित उसके परिवार से मिला दिया। पुलिस की सतर्कता और लगातार प्रयास से बच्चा सकुशल परिजनों के पास पहुंच सका।

कचहरी चौक पर बिछड़ा था बच्चा

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को रांची के कचहरी चौक पर सरहुल जुलूस के दौरान भारी भीड़ में बच्चा अपने परिवार से अलग हो गया था। लावारिस हालत में घूम रहे बच्चे को स्थानीय लोगों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सौंप दिया।

CCR कंट्रोल रूम से चला सर्च अभियान

पुलिस ने तुरंत बच्चे को CCR (सिटी क्राइम रिपोर्टिंग) कंट्रोल रूम पहुंचाया, जहां उसे सुरक्षित रखा गया। इसके बाद बच्चे के परिजनों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया। सभी थानों को अलर्ट किया गया और वायरलेस के जरिए सूचना प्रसारित की गई। साथ ही सोशल मीडिया पर भी बच्चे की जानकारी साझा की गई।

सुबह परिजनों से मिला मासूम

रविवार सुबह करीब 10 बजे मोहल्ले के लोगों के जरिए बच्चे के परिवार तक सूचना पहुंची। सूचना मिलते ही बच्चे की दादी और मौसी CCR कंट्रोल रूम पहुंचीं। परिजनों ने बताया कि बच्चे की मां का पहले ही निधन हो चुका है और पिता बीमार हैं। जुलूस के दौरान ही बच्चा उनसे बिछड़ गया था। रातभर बच्चे की तलाश में भटकते रहे परिजनों ने सुबह पुलिस से बच्चे को पाकर राहत की सांस ली। पुलिस ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर बच्चे को परिवार के हवाले कर दिया।

पुलिस कप्तान राकेश रंजन ने कहा…

पुलिस कप्तान राकेश रंजन ने मीडिया को बताया कि पुलिस ने पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करते हुए बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img