Ranchi Janata Darbar : रांची जिला प्रशासन की ओर से आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। DC मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर आज यानी बुधवार को जिले के सभी अंचलों और प्रखंडों में जनता दरबार लगाया गया। मंगलवार को अवकाश होने के कारण यह आयोजन एक दिन बाद किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जनता दरबार का उद्देश्य लोगों को सरकारी दफ्तरों (Government Offices) के चक्कर से बचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। इस दौरान राजस्व, प्रमाण पत्र, पेंशन और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया।
मांडर अंचल में 50 मामलों का निष्पादन किया गया, जहां आय, जाति और आवासीय प्रमाण पत्र जारी किए गए और कई लोगों को वृद्धा पेंशन की स्वीकृति मिली। सिल्ली अंचल (Silli Zone) में 64 मामलों का समाधान हुआ, जबकि खलारी में 17 मामलों का निपटारा किया गया।
अरगोड़ा अंचल में 71 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 62 मामलों को तुरंत सुलझाया गया। वहीं चान्हो अंचल में 212 मामलों पर कार्रवाई की गई, जहां बड़ी संख्या में प्रमाण पत्र जारी किए गए।
अनगड़ा अंचल में 137 मामलों का निष्पादन हुआ। यहां दाखिल-खारिज, पंजी सुधार और अन्य जरूरी कार्यों को तेजी से पूरा किया गया।
जिला प्रशासन की इस पहल से लोगों को बड़ी राहत मिल रही है। जनता दरबार के माध्यम से स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं का समाधान हो रहा है, जिससे समय की बचत के साथ-साथ लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी आसानी से मिल रहा है।

