LPG News: पश्चिम एशिया में जारी तनाव और जंग का असर अब वैश्विक तेल और गैस सप्लाई पर साफ दिखने लगा है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बढ़ते खतरे और रुकावटों के कारण कई देशों के जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है। भारत के भी कई तेल और गैस से लदे जहाज इस अहम समुद्री मार्ग में फंस गए थे।
हालांकि, इस बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। दो भारतीय LPG टैंकर — BW ELM और BW TYR — खतरनाक हालात के बीच सफलतापूर्वक होर्मुज स्ट्रेट पार कर चुके हैं।
साथ-साथ निकले दोनों टैंकर, सुरक्षित ओमान की ओर बढ़े
जानकारी के मुताबिक दोनों जहाज साए की तरह साथ-साथ चलते हुए करीब 27 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गल्फ ऑफ ओमान की ओर बढ़े।
पिछले दो दिनों से भारत के कुल 7 जहाज यूएई के पास समुद्र में लंगर डाले खड़े थे। अब दो जहाजों के निकलने के बाद बाकी 5 भारतीय जहाज अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। ये सभी जहाज क्रूड ऑयल टैंकर बताए जा रहे हैं।
BW ELM: भारतीय झंडे वाला LPG टैंकर
पहला जहाज BW ELM इस समय ओमान गल्फ में मौजूद है।
- जहाज प्रकार: LPG टैंकर
- IMO नंबर: 9320752
- लंबाई: 225.27 मीटर
- चौड़ाई: 36.62 मीटर
- संचालन: भारतीय झंडे के तहत
BW TYR भी सुरक्षित पहुंचा ओमान
दूसरा जहाज BW TYR भी सुरक्षित रूप से ओमान गल्फ पहुंच चुका है।
- जहाज प्रकार: LPG टैंकर
- IMO नंबर: 9346122
- लंबाई: 225 मीटर
- चौड़ाई: 36.6 मीटर
- संचालन: भारतीय झंडे के तहत
खाड़ी क्षेत्र में अब भी 20 भारतीय जहाज फंसे
मौजूदा हालात में भारत के झंडे वाले करीब 20 जहाज अब भी खाड़ी क्षेत्र में फंसे हुए हैं।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक भारत वहां मौजूद अपने खाली जहाजों में एलपीजी लोड करने की भी तैयारी कर रहा है, ताकि सप्लाई प्रभावित न हो।
ईरान ने भारत समेत 5 देशों को दी सुरक्षित राह
जारी तनाव के बीच ईरान ने कुछ देशों को राहत दी है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पूरी तरह बंद नहीं किया गया है और मित्र देशों के जहाजों को सुरक्षित रास्ता दिया जाएगा।
ईरान ने जिन देशों को गुजरने की अनुमति दी है, उनमें शामिल हैं:
- भारत
- चीन
- रूस
- इराक
- पाकिस्तान
इस फैसले के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में बाकी भारतीय जहाज भी सुरक्षित तरीके से होर्मुज स्ट्रेट पार कर सकेंगे।

