Hazaribagh News: बरकट्ठा और गोरहर थाना क्षेत्र की सीमा पर लेबड़ा जमुआ में मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे मंगला जुलूस के दौरान पुलिस और जुलूस में शामिल लोगों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान हुए पथराव में पुलिसकर्मियों समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
रूट को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार मंगला जुलूस तुईओ से निकलकर कपका, बुढ़ियाडीह और बुचैय होते हुए लेबड़ा जमुआ पहुंचा था। जिस मार्ग से जुलूस निकाला जा रहा था, उसके लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। पुलिस ने जुलूस को निर्धारित रूट से ले जाने को कहा, लेकिन लोग इसके लिए तैयार नहीं हुए, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
झड़प के बाद हुआ पथराव
सूचना मिलने पर SDM जोहन टुड्डू और एसडीपीओ अजीत कुमार विमल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने भीड़ को हटाने की कोशिश की, जिसके बाद जुलूस में शामिल लोगों ने पथराव शुरू कर दिया।
स्थिति नियंत्रण में, जांच जारी
प्रशासन के अनुसार फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि यह झड़प किसी दो समुदायों के बीच नहीं, बल्कि जुलूस के रूट को लेकर पुलिस और लोगों के बीच हुई थी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
हिरासत और जब्ती की कार्रवाई
पुलिस ने पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इसके अलावा आधा दर्जन से अधिक बाइक भी जब्त की गई हैं।
FIR की तैयारी
SDPO ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

