New Delhi : IPL के 19वें सीजन की शुरुआत आज यानी शनिवार से हो रही है। पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। यह मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा। बेंगलुरु ने पिछले सीजन शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना पहला खिताब जीता था। वहीं हैदराबाद की टीम प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी थी और छठे स्थान पर रही थी।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
दोनों टीमों के बीच अब तक 25 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें हैदराबाद ने 13 और बेंगलुरु ने 11 मैच जीते हैं। एक मुकाबला टाई रहा, जिसे हैदराबाद ने सुपर ओवर में जीता था। चिन्नास्वामी स्टेडियम में RCB का पलड़ा थोड़ा भारी रहा है।
पिच और मौसम रिपोर्ट
चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है, जहां अक्सर हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं। छोटी बाउंड्री और तेज आउटफील्ड बल्लेबाजों को मदद देती है। मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान बारिश की संभावना केवल 3% है और तापमान 20 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
RCB की टीम संतुलित
बेंगलुरु की टीम इस बार बल्लेबाजी, गेंदबाजी और ऑलराउंडर विभाग में संतुलित नजर आ रही है। विराट कोहली और फिल सॉल्ट ओपनिंग में मजबूत शुरुआत दे सकते हैं। मिडिल ऑर्डर में टिम डेविड, जितेश शर्मा और क्रुणाल पांड्या टीम को मजबूती देंगे। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार अहम भूमिका निभाएंगे।
SRH का टॉप ऑर्डर मजबूत
हैदराबाद की टीम अपने टॉप ऑर्डर पर निर्भर करेगी। अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड और ईशान किशन से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। हेनरिक क्लासन और लियम लिविंगस्टन भी टीम के लिए अहम खिलाड़ी होंगे।
टीम अपडेट
RCB को यश दयाल की कमी खलेगी, जो पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। वहीं जोश हेजलवुड भी शुरुआती मैच नहीं खेलेंगे। SRH के कप्तान पैट कमिंस चोट के कारण शुरुआती मुकाबलों से बाहर रहेंगे।
कहां देखें मैच
मैच का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा, जबकि JioHotstar ऐप और वेबसाइट पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग देखी जा सकती है।

