राजधानी में ट्रैफिक पुलिस का जागरूकता अभियान, बाइक रैली और नुक्कड़ नाटक से दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

Ranchi : जिले में आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से आज यानी रविवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का मकसद लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग करना और दुर्घटनाओं को कम करना था। यह अभियान एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर चलाया गया, जिसमें ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

बाइक रैली निकालकर दिया जागरूकता का संदेश

अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस ने बाइक रैली भी निकाली। यह रैली बिरसा चौक से शुरू होकर अरगोड़ा चौक होते हुए फिरायालाल चौक तक पहुंची। रैली के दौरान पुलिसकर्मियों ने लोगों को सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों के बारे में बताया और अपील की कि सभी लोग जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने पर दिया जोर

अभियान के दौरान लोगों को खास तौर पर हेलमेट पहनकर बाइक चलाने और कार चलाते समय सीट बेल्ट लगाने की सलाह दी गई। इसके साथ ही ट्रिपल राइडिंग से बचने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और तेज व लापरवाही से गाड़ी नहीं चलाने को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सभी वाहन चालकों को नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।

नुक्कड़ नाटक से समझाया सड़क सुरक्षा का महत्व

सिर्फ रैली ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करने के लिए शहर के कई स्थानों पर नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। इन नाटकों के माध्यम से आम लोगों को यह समझाने की कोशिश की गई कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने से किस तरह गंभीर हादसे हो सकते हैं और लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है। नुक्कड़ नाटक देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे और कलाकारों ने सरल भाषा में सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।

कई पुलिस अधिकारी और कर्मी रहे मौजूद

इस मौके पर रांची नगर क्षेत्र के कई डीएसपी, थाना प्रभारी, ट्रैफिक प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img