Ranchi : झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण राज्यभर में तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 25 मार्च से अगले चार दिनों तक अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। इस बदलाव का असर राज्य के लगभग सभी जिलों में देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग ने 27 और 28 मार्च को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा के साथ बारिश की संभावना जताई है। उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों को छोड़कर अन्य इलाकों में इसका प्रभाव अधिक रहेगा। रांची में भी इन दिनों तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। वहीं 29 मार्च को मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 30 मार्च को फिर से बादल छाने और हल्की बारिश के आसार हैं। इस दौरान कई जिलों के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटे में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कई जिलों में अधिकतम तापमान 7 डिग्री तक बढ़ गया। लोहरदगा में अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री पहुंच गया, जबकि रांची में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री और न्यूनतम 17.1 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 35.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे यह सबसे गर्म जिला रहा। वहीं मेदिनीनगर में भी तापमान 34.6 डिग्री तक पहुंच गया।

