Ranchi : झारखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज कुछ अलग ही नजर आ रहा है। राज्य के कुछ इलाकों में तेज गर्मी और लू का असर महसूस किया जा रहा है, तो वहीं कई जिलों में आंधी, तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों तक राज्य में ऐसा ही मिला-जुला मौसम देखने को मिल सकता है।
IMD के रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार से राज्य के करीब 20 जिलों में तेज हवा चलने, वज्रपात और हल्की बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
16 मार्च को कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 16 मार्च को कई जिलों में मौसम और ज्यादा खराब हो सकता है। इस दिन Ranchi सहित खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहेबगंज जिलों में आंधी के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है।
इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कई इलाकों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधान रहने और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।
चार जिलों में बढ़ेगी गर्मी, लू चलने की आशंका
जहां एक तरफ कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना है, वहीं दूसरी तरफ कुछ जिलों में गर्मी का असर और बढ़ने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार जिलों में तापमान तेजी से बढ़ सकता है और लू चलने की आशंका है।
इनमें पलामू और लातेहार के लिए हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंचने की संभावना है। फिलहाल जमशेदपुर, सरायकेला और पलामू इलाके में गर्मी का असर सबसे ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
रांची में भी बढ़ा तापमान
राजधानी रांची में भी तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को यहां अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 4.5 डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक 15 से 19 मार्च के बीच बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे मौसम में थोड़ी राहत तो मिल सकती है, लेकिन उमस वाली गर्मी का एहसास भी हो सकता है।
सरायकेला में सबसे ज्यादा तापमान
शनिवार को राज्य में सबसे ज्यादा तापमान सरायकेला में 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पलामू में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 17 मार्च को लगभग पूरे राज्य में तेज हवा और वज्रपात की संभावना है। वहीं 18 मार्च को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार को छोड़कर बाकी जिलों में बादल छाए रहने, मेघ गर्जन और तेज हवा चलने का अनुमान लगाया गया है।

