Koderma : जिले में जंगली हाथियों का आतंक बढ़ता जा रहा है। बुधवार रात हाथियों के हमले में एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, रात करीब 8 बजे मरियमपुर इलाके में एक हाथी देखा गया। इसी दौरान उसने एक महिला को कुचलकर मार डाला। इसके बाद जब स्थानीय लोग हाथी को भगाने की कोशिश कर रहे थे, तो बोनाकाली महिला कॉलेज के पास 40 वर्षीय बालेश्वर सोरेन को भी हाथी ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद कोडरमा नगर पंचायत क्षेत्र के बोनाकाली और मरियमपुर इलाके में लोगों में डर का माहौल है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हाथी को दूर तक खदेड़ने में सफलता नहीं मिल सकी। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक हाथी अभी भी मरियमपुर के पास जंगल में छिपा हुआ है। वहीं, हाथियों का एक झुंड बागीटांड के पास कोडरमा घाटी के जंगलों में देखे जाने की भी सूचना है।
ग्रामीणों ने वन विभाग पर पर्याप्त संसाधन नहीं होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि टीम ने केवल टॉर्च के सहारे हाथियों को भगाने की कोशिश की, जो कारगर साबित नहीं हुई। इस संबंध में वन विभाग के रेंजर राम बाबू ने बताया कि हाथियों को खदेड़ने का प्रयास जारी है और टीम उनकी लोकेशन ट्रैक कर रही है। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत 4 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा, फिलहाल 25 हजार रुपये की तत्काल सहायता दी गई है।

