JTET Exam will be Held after 10 Years: झारखंड में शिक्षक बनने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। करीब 10 साल बाद एक बार फिर झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) आयोजित की जाएगी। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने इसके लिए पूरी गाइडलाइन जारी कर दी है। अभ्यर्थी 21 अप्रैल से 21 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
दो स्तर पर होगी परीक्षा
इस बार परीक्षा दो लेवल पर होगी। पहला प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) और दूसरा उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) के लिए होगा। खास बात यह है कि उम्मीदवार चाहें तो दोनों परीक्षाओं में एक साथ शामिल हो सकते हैं।
उम्र सीमा में बड़ी राहत
परीक्षा में शामिल होने के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष तय की गई है। वहीं अधिकतम आयु सीमा में 9 साल की छूट दी गई है। लंबे समय बाद परीक्षा होने के कारण यह राहत दी गई है। अब 58 साल तक के पारा शिक्षक भी इसमें शामिल हो सकेंगे।
परीक्षा पैटर्न हुआ आसान
इस बार परीक्षा का Pattern पहले से आसान किया गया है। अब हर विषय में अलग-अलग पास होना जरूरी नहीं होगा। कुल अंकों के आधार पर ही रिजल्ट तय किया जाएगा।
सामान्य और EWS : 60%
जनजातीय और दिव्यांग : 55%
OBC, SC/ST : 52%
सवालों का स्तर घटाया गया
पहले प्रश्नों का स्तर Graduation के आधार पर होता था, लेकिन अब इसे इंटरमीडिएट और मैट्रिक स्तर का कर दिया गया है। परीक्षा में 150 Objective प्रश्न होंगे, कुल 150 अंक होंगे और समय ढाई घंटे का होगा। परीक्षा OMR शीट पर ली जाएगी। दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को 30 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा।
स्थानीय भाषाओं को मिलेगा महत्व
इस बार परीक्षा में स्थानीय भाषाओं को भी शामिल किया गया है, जिससे ग्रामीण और क्षेत्रीय अभ्यर्थियों को फायदा होगा।
JAC अध्यक्ष ने दी जानकारी
जैक के अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने बताया कि अभ्यर्थियों की मांग को ध्यान में रखते हुए प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाया गया है।
अभ्यर्थियों में उत्साह
परीक्षा की घोषणा के बाद अभ्यर्थियों में उत्साह देखा जा रहा है। लंबे समय बाद मौका मिलने से उम्मीदवार अब तैयारी में जुट गए हैं। उम्मीद है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जून तक परीक्षा आयोजित कर ली जाएगी।

