The Governor Inspected the State-of-the-Art Library.: राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में बन रही आधुनिक लाइब्रेरी का रविवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार (Governor Santosh Kumar Gangwar) ने निरीक्षण किया।
इस दौरान केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ भी उनके साथ मौजूद रहे। दोनों ने निर्माण कार्य की प्रगति देखी और अधिकारियों को तय समय पर काम पूरा करने का निर्देश दिया।
जून-जुलाई 2026 तक पूरा होगा निर्माण
अधिकारियों के अनुसार, लाइब्रेरी का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसे जून-जुलाई 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि अगस्त तक इसे विद्यार्थियों के लिए खोल दिया जाएगा। यह लाइब्रेरी पूरे झारखंड के छात्रों के लिए एक बड़ा शैक्षणिक केंद्र बनेगी।
65 करोड़ की लागत से बन रही है इमारत
करीब 65 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस लाइब्रेरी में एक साथ लगभग 5000 छात्र बैठकर पढ़ाई कर सकेंगे। इसमें CCL की ओर से 35 करोड़ और कोल इंडिया की ओर से 30 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं।
सात मंजिला भवन में आधुनिक सुविधाएं
यह लाइब्रेरी सात मंजिल की होगी। हर मंजिल पर अलग-अलग रीडिंग रूम बनाए जा रहे हैं, ताकि छात्रों को शांत वातावरण मिल सके। इसके अलावा कैफेटेरिया और आधुनिक लैब की भी सुविधा होगी, जिससे पढ़ाई और रिसर्च आसान हो सके।
प्रेरणादायक चित्र और विशेष व्यवस्था
लाइब्रेरी के Ground Floorपर परमवीर चक्र विजेताओं और देश के जननायकों के चित्र लगाए जाएंगे, जिससे छात्रों को प्रेरणा मिलेगी। साथ ही सीनियर सिटीजन के लिए भी अलग व्यवस्था की जाएगी, जहां वे पढ़ाई और समय व्यतीत कर सकेंगे।
5 साल पुरानी योजना अब हो रही साकार
केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने बताया कि इस परियोजना पर लगभग पांच साल पहले चर्चा शुरू हुई थी, जो अब धरातल पर नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि यह लाइब्रेरी रांची के शैक्षणिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

