Women will Get Employment : पलामू जिले के रामगढ़ प्रखंड में रविवार को दो महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की गई। बाजार परिसर में प्रधानमंत्री वन धन विकास केंद्र और चारा निर्माण इकाई का उद्घाटन DC समीरा एस ने किया। इस मौके पर उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, अनुमंडल पदाधिकारी सुलोचना मीणा, प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी हिमांशु लाल समेत कई अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
महिलाओं को मिलेगा रोजगार का मौका
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए DC समीरा एस ने कहा कि आदिम जनजाति बहुल क्षेत्र रामगढ़ में इन योजनाओं की शुरुआत एक अच्छी पहल है। इससे खासकर स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने बताया कि वन धन विकास केंद्र में दोना-पत्तल बनाने, उसकी प्रोसेसिंग और बिक्री का काम किया जाएगा।
पशुपालकों को भी होगा लाभ
DC ने बताया कि चारा निर्माण इकाई से स्थानीय स्तर पर पशुओं के लिए चारा उपलब्ध होगा। इससे पशुपालकों को सुविधा मिलेगी और महिलाओं की आय भी बढ़ेगी।
स्थानीय उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा
उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन ने कहा कि इन योजनाओं से स्थानीय लोगों को उद्यमी बनने का मौका मिलेगा। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे मिली आर्थिक सहायता का सही उपयोग कर आय बढ़ाने वाले काम करें।
गुणवत्ता और बाजार पर रहेगा ध्यान
प्रशिक्षु IAS अधिकारी हिमांशु लाल ने कहा कि चारा उत्पादन की गुणवत्ता और नियमित संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही चारा की ब्रांडिंग और मार्केटिंग कर उसे बड़े बाजार तक पहुंचाने की योजना है।
‘पलाश’ ब्रांड के तहत होगी बिक्री
कार्यक्रम के दौरान तैयार चारा का भी लोकार्पण किया गया। इसका विपणन जेएसएलपीएस के ‘पलाश’ ब्रांड के तहत किया जाएगा।

