Ranchi : राजधानी रांची के कई इलाकों में आज बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। विद्युत विभाग द्वारा पोल लगाने और एलटी लाइन को कवर वायर से सुरक्षित करने के काम के कारण अलग-अलग क्षेत्रों में तय समय पर बिजली काटी जाएगी। बरियातू फीडर क्षेत्र में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी। इस दौरान अरविंद मार्ग और आसपास के इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
आरएमसीएच अवर प्रमंडल में सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक काम चलेगा। इसके कारण दुर्गावती चौक, चिरौंजी पावर हाउस, बड़गाई, सुयोग हॉस्पिटल, मुक्तिधाम, मोरहाबादी, भरमटोली, दुर्गा पहाड़ और बरियातू क्षेत्र सहित कई इलाकों में बिजली नहीं रहेगी। वहीं कोकर अवर प्रमंडल में भी सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इस दौरान कृष्णापुरी, चुटिया, अयोध्यापुरी, साईं कॉलोनी, विराट नगर, लोवाडीह, नामकुम और कोकर के कई हिस्से प्रभावित रहेंगे।
इसके अलावा डोरंडा अवर प्रमंडल के अंतर्गत हिनू एयरपोर्ट रोड में तार बदलने और पोल लगाने का काम किया जाएगा। इसके चलते सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक हिनू एयरपोर्ट रोड और आसपास के क्षेत्रों में बिजली सप्लाई बाधित रहेगी। बिजली विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए आवश्यक काम पहले ही पूरा कर लें।

