Patna : बिहार की राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधान परिषद की सदस्यता (एमएलसी) से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा सभापति अवधेश नारायण सिंह को सौंप दिया है। इस संबंध में जल्द ही आधिकारिक घोषणा की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री आवास पर जेडीयू नेताओं का आना-जाना लगातार जारी है। रविवार शाम को भी कई नेता उनसे मिलने पहुंचे थे। साल 2006 से नीतीश कुमार लगातार विधान परिषद के सदस्य रहे हैं। अब उनके इस्तीफे के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और नई सरकार के गठन की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।
उधर, भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन ने भी अपने बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया है। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए दी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि नितिन नवीन ने अपना इस्तीफा पहले ही उन्हें सौंप दिया था, जिसे आज विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के कारण संवैधानिक प्रक्रिया के तहत इन नेताओं को अपने पदों से इस्तीफा देना पड़ा है। सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार 9 अप्रैल को दिल्ली जाएंगे और 10 अप्रैल को राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेंगे।
नीतीश कुमार का राजनीतिक सफर काफी लंबा और अहम रहा है। वह पहली बार साल 2000 में बिहार के मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद 2005 से लेकर अब तक कई बार उन्होंने मुख्यमंत्री पद संभाला है। वह अब तक कुल 8 बार बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। अपनी राजनीति में उन्होंने विकास, सुशासन और गठबंधन की राजनीति को प्रमुखता दी है, जिसके कारण वह लंबे समय तक राज्य की राजनीति में एक अहम चेहरा बने रहे हैं।

