Palamu : पलामू जिले के टाउन थाना क्षेत्र में सोमवार को रेलवे ट्रैक के पास एक वृद्ध महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना टीओपी-2 के कांदू मोहल्ला के पास की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शुरुआत में महिला की पहचान नहीं हो पाई थी, जिसके बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की।
काफी प्रयास के बाद मृतका की पहचान राधा देवी (70 वर्ष) के रूप में हुई। वह कांदू मोहल्ला, ज्योति आईटीआई के पास की रहने वाली थीं। उनके पति का नाम राम जी शाह बताया गया है। पुलिस के अनुसार, पहली नजर में मामला हादसा लग रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। शव की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दे दी गई है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही परिजनों के बयान दर्ज कर घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

