बंगाल में अमित शाह का बड़ा ऐलान, बोले — 15 दिन रुकूंगा, ममता बनर्जी को सीधी चुनौती

West Bengal Election: अमित शाह ने नंदीग्राम से बड़ा राजनीतिक ऐलान करते हुए कहा कि वह अगले 15 दिनों तक पश्चिम बंगाल में ही रहकर चुनावी कमान संभालेंगे। 2026 विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में सियासी हलचल तेज हो गई है। सत्तारूढ़ टीएमसी और बीजेपी के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है। इसी बीच अमित शाह, शुभेंदु अधिकारी के नामांकन के लिए नंदीग्राम पहुंचे और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अमित शाह ने कहा, “मैं बंगाल चुनाव में 15 दिन तक बंगाल में ही रहने वाला हूं। मैं खास तौर पर शुभेंदु अधिकारी के नामांकन के लिए आया हूं। शुभेंदु की जीत बंगाल में परिवर्तन की नींव रखेगी।”

‘बंगाल में होगी दीदी की हार’

अमित शाह ने ममता बनर्जी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि पिछली बार दीदी नंदीग्राम में हार गई थीं और इस बार वह भवानीपुर के साथ-साथ पूरे बंगाल को खो देंगी।

उन्होंने कहा कि शुभेंदु अधिकारी का नामांकन बंगाल में टीएमसी के पतन की शुरुआत है। शाह ने दावा किया कि नंदीग्राम की जनता इस बार फिर से इतिहास दोहराएगी और ममता बनर्जी को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।

‘पूरे बंगाल में बदलाव की आवाज’

अमित शाह ने दावा करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे बंगाल का दौरा किया है और हर जगह एक ही आवाज सुनाई दे रही है कि ममता बनर्जी को बाय-बाय कर दो।

उन्होंने कहा, “जहां भी जाता हूं, वहां जनता बदलाव की बात करती है। लोग सरकार को विदा करने का मन बना चुके हैं और ममता बनर्जी को बाय-बाय कहने की तैयारी में हैं।”

कानून-व्यवस्था और घुसपैठ का मुद्दा उठाया

गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आए दिन बम धमाकों की घटनाएं हो रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था कमजोर हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार ने घुसपैठियों को संरक्षण दिया है, जिससे राज्य की जनसंख्या संतुलन प्रभावित हो रहा है।

युवाओं से विकास का वादा

अमित शाह ने युवाओं से वादा किया कि बीजेपी सरकार बनने पर बेरोजगारी कम की जाएगी और विकास की नई लहर लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी बंगाल को फिर से उसकी पुरानी पहचान दिलाने का काम करेगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img