Finance Minister Radhakrishna Kishore visits Budha Pahad: राज्य सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर का बुढ़ा पहाड़ दौरा प्रशासनिक और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शुक्रवार को मंत्री दुर्गम रास्तों से होकर सड़क, पैदल और बाइक के माध्यम से दोपहर करीब दो बजे बुढ़ा पहाड़ पहुंचे।
लंबे समय तक नक्सल गतिविधियों (Naxal activities) के लिए चर्चित इस इलाके में उनका दौरा सरकार की जमीन पर सक्रियता और विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
बुढ़ा पहाड़ पहुंचते ही मंत्री ने सबसे पहले सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पिकेट पर तैनात अधिकारियों और जवानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और चुनौतियों को जाना।
मुख्यमंत्री के हालिया दौरे के बाद क्षेत्र में हुए बदलावों की समीक्षा भी की। मंत्री ने सुरक्षा बलों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र में उग्रवाद पर काफी हद तक नियंत्रण संभव हो पाया है।
इसके बाद मंत्री ने स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों बीडीओ, CO और पंचायत मुखिया बिंको उरांव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में अब तक हुए विकास कार्यों, योजनाओं की प्रगति और ग्रामीणों की जरूरतों के बारे में जानकारी ली।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जाए, ताकि आम लोगों को इसका सीधे लाभ मिल सके।
स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना
दौरे के दौरान मंत्री ने उस स्थान का निरीक्षण भी किया, जहां कभी नक्सली नेता जन-अदालत लगाया करते थे। यह निरीक्षण क्षेत्र में बदलते हालात और शांति स्थापना की दिशा में उठाए गए कदमों का प्रतीक माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों से बातचीत के दौरान उन्होंने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
