बंगाल में कांग्रेस के बड़े वादे, महिलाओं को मासिक सहायता, किसानों को आर्थिक मदद और 10 लाख बीमा योजना

West Bengal Election: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इस दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे।

कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र को राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और बेरोजगारी दूर करने पर केंद्रित बताया है। पार्टी ने महिलाओं को हर महीने 2 हजार रुपये देने, किसानों को सालाना 15 हजार रुपये की सहायता, मुफ्त बिजली और बेहतर खरीद व्यवस्था का वादा किया है।

इसके साथ ही युवाओं को रोजगार देने और सभी सरकारी रिक्त पदों को भरने की बात कही गई है। पार्टी ने हर जिले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेक्टर विकसित करने और स्टार्टअप को बढ़ावा देने की भी घोषणा की है।

TMC और BJP पर साधा निशाना

कांग्रेस ने कहा कि पिछले 15 वर्षों से तृणमूल कांग्रेस के शासन में राज्य में उद्योग और रोजगार में अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई है। वहीं भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया कि वह सांप्रदायिक राजनीति और ध्रुवीकरण की कोशिश करती है।

पार्टी ने दावा किया कि बीजेपी एजेंसियों के जरिए विपक्षी नेताओं को डराकर अपने साथ जोड़ने की कोशिश करती है।

कानून-व्यवस्था सुधारने का वादा

कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था सुधारने का वादा करते हुए कहा कि राज्य में कानून का राज स्थापित किया जाएगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी दल से जुड़ा हो।

भ्रष्टाचार को बड़ा मुद्दा बताते हुए पार्टी ने कहा कि एक मंत्री के पास से 50 लाख रुपये से ज्यादा बरामद होना चिंताजनक है और इस पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी।

महिलाओं के लिए 10 लाख का बीमा और फास्ट ट्रैक कोर्ट

महिलाओं की सुरक्षा के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट, मुफ्त शिक्षा और 10 लाख रुपये तक का सरकारी स्वास्थ्य बीमा देने का भी वादा किया गया है। कांग्रेस ने कहा कि एक समय कोलकाता उद्योग का केंद्र था, लेकिन अब रोजगार के लिए लोग दूसरे शहरों की ओर जा रहे हैं।

कांग्रेस दे रही तीसरा विकल्प: जयराम रमेश

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस बंगाल में लंबे समय बाद अकेले चुनाव लड़ रही है और जनता को तीसरा विकल्प देने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ‘वंदे मातरम’ जैसे मुद्दों के जरिए बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय और रवींद्रनाथ टैगोर के नाम का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है।

TMC और BJP को बताया एक ही सिक्के के दो पहलू

जयराम रमेश ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, जबकि कांग्रेस राज्य में नई दिशा देने का प्रयास कर रही है। उन्होंने हिमंता बिस्व सरमा पर भी आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाया।

विकास और रोजगार पर फोकस का दावा

कांग्रेस ने साफ किया कि वह राज्य स्तर पर अलग-अलग चुनाव लड़ती है, लेकिन राष्ट्रीय हित के मुद्दों पर विपक्षी दल एकजुट रहते हैं।

पार्टी का कहना है कि बंगाल में वह एक नया राजनीतिक विकल्प पेश कर रही है, जो विकास, रोजगार और सामाजिक सौहार्द पर आधारित होगा।

Hot this week

झारखंड में पंचायत चुनाव समय पर होंगे, पिछड़ा वर्ग को मिलेगा आरक्षण

Jharkhand Panchayat Election : झारखंड में आगामी पंचायत चुनाव...

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img