Ranchi : झारखंड में इन दिनों मौसम तेजी से बदल रहा है। कहीं बारिश हो रही है तो कहीं ठंड का असर बढ़ गया है। खासकर खूंटी, लोहरदगा और गुमला जैसे जिलों में शाम के समय कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। ठंड बढ़ने के कारण लोग शाम होते ही अपने घरों में रहने लगे हैं। मिली जानकारी के अनुसार इन इलाकों में अधिकतर घर मिट्टी के बने हुए हैं और पक्के मकानों की संख्या कम है। इसी वजह से यहां तापमान जल्दी गिर जाता है। फिलहाल इन क्षेत्रों में तापमान लगभग 15 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
पिछले 24 घंटों की बात करें तो सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची के नामकुम में 14.9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 36.3 डिग्री रहा। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि जमशेदपुर में 20.4, बोकारो में 19.1, चाईबासा में 19.2, खूंटी में 18.2 और लोहरदगा में 17.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी राज्य के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। पूर्वी और दक्षिणी जिलों जैसे देवघर, गोड्डा, दुमका, पाकुड़, जामताड़ा, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, रांची और रामगढ़ में वज्रपात के साथ भारी बारिश हो सकती है।
इसके अलावा पूर्वी जिलों में तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। देवघर, गोड्डा और साहिबगंज में तापमान करीब 17 डिग्री तक रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं दक्षिणी जिलों जैसे जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां में तापमान 18 से 19 डिग्री के बीच रह सकता है। अन्य जिलों में भी तापमान करीब 17 डिग्री तक रहने की संभावना जताई गई है।

