बंगाल में वोट चोरी की हिम्मत किसी में नहीं, आधे से ज्यादा सीटें जीतेंगे: अमित शाह

West Bengal Election: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा दावा किया है। बीजेपी का घोषणापत्र जारी करने के बाद उन्होंने एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में ममता बनर्जी के आरोपों, चुनावी रणनीति और हुमायूं कबीर विवाद पर खुलकर जवाब दिया। अमित शाह ने कहा कि इस बार बंगाल में सुरक्षा के ऐसे इंतजाम किए गए हैं कि कोई भी वोट चोरी करने की हिम्मत नहीं कर पाएगा।

वोट चोरी पर शाह का बड़ा दावा

पश्चिम बंगाल चुनाव में वोट चोरी की आशंकाओं पर अमित शाह ने कहा कि अब किसी गुंडे की हिम्मत नहीं है कि वह बंगाल में वोट चोरी कर सके।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने मजबूत व्यवस्था की है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। ऐसे में किसी के लिए भी धांधली करना आसान नहीं होगा।

आधे से ज्यादा सीटें जीतने का दावा

बीजेपी घोषणापत्र जारी करने के बाद मिदनापुर में रोड शो के दौरान अमित शाह ने जीत को लेकर भी बड़ा दावा किया।

उन्होंने कहा कि बीजेपी आरामदायक बढ़त के साथ जीत हासिल करेगी। पहले चरण के मतदान के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी, लेकिन इतना तय है कि बीजेपी आधी से ज्यादा सीटें जीतने जा रही है।

ममता बनर्जी पर निशाना

ममता बनर्जी के चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों पर अमित शाह ने पलटवार किया।
उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, लेकिन कहीं भी इस तरह के आरोप नहीं लगे। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को सहानुभूति वोट लेने की आदत पड़ गई है, लेकिन इस बार बंगाल की जनता उन्हें टाटा बाय-बाय कहने वाली है।

हुमायूं कबीर विवाद पर दोटूक जवाब

हुमायूं कबीर को लेकर उठे विवाद पर भी अमित शाह ने स्पष्ट रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति बंगाल की जमीन पर बाबरी मस्जिद बनाने की बात करता है, उसके साथ बीजेपी के जाने का सवाल ही नहीं उठता। शाह ने कहा कि ऐसी स्थिति में बीजेपी विपक्ष में बैठना ज्यादा पसंद करेगी, लेकिन ऐसे लोगों के साथ नहीं जाएगी।

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

अमित शाह ने कांग्रेस पार्टी पर भी हमला बोला।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्थिति ऐसी हो गई है कि न जनता उन्हें भाव दे रही है और न ही ममता बनर्जी। इसके बावजूद कांग्रेस राजनीतिक मैदान में सक्रिय रहने की कोशिश कर रही है।

बंगाल में सरकार बनाने का दावा

अमित शाह ने कहा कि बंगाल में बीजेपी की सभाओं में भारी भीड़ उमड़ रही है। इससे साफ है कि जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि बीजेपी का लक्ष्य बंगाल में सरकार बनाना है और पार्टी उसी दिशा में काम कर रही है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img