Census 2027 India : भारत की जनगणना 2027 के पहले चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (HLO) कार्य के सफल संचालन के लिए जिला स्तर पर आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 10 अप्रैल 2026 को प्रखंड कार्यालय सभागार, सरायकेला में संपन्न हुआ।
इस प्रशिक्षण का आयोजन 8 अप्रैल से 10 अप्रैल 2026 तक किया गया था। कार्यक्रम में विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर परिषद (City Council) एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सह चार्ज जनगणना पदाधिकारी तथा नामित फील्ड ट्रेनर्स ने भाग लिया।
तकनीकी और व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया
राज्य स्तरीय Master Trainer M.D. Tasiqur Rahman और अविनाश ठाकुर ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान मकान सूचीकरण और गणना से जुड़े तकनीकी एवं व्यवहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मानिक बाजार क्षेत्र में नगरीय नक्शा निर्माण का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया, ताकि फील्ड स्तर पर काम को बेहतर तरीके से समझा जा सके।
Field Trainers को दिए गए निर्देश
प्रशिक्षण के बाद सभी Field Trainers को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने प्रखंड और नगर क्षेत्रों में प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को निर्धारित मानकों के अनुसार प्रशिक्षण दें, ताकि जनगणना कार्य समय पर और सही तरीके से पूरा हो सके।
अधिकारियों ने दिए दिशा-निर्देश
इस अवसर पर अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने कहा कि जनगणना कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करना जरूरी है। उन्होंने कार्य के दौरान धैर्य, अनुशासन और आम जनता के साथ सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने पर जोर दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि आंकड़ों की शुद्धता और गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा केंद्र और राज्य सरकार के सभी निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए।
कार्यक्रम में अपर जिला जनगणना पदाधिकारी कमलेश कुमार दास और जिला जनगणना पदाधिकारी नीतीश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

