News Wrap : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 17वें मुकाबले में आज यानी शनिवार को पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगी। यह मैच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह पीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा।
इस मैच में पंजाब किंग्स की कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद की कमान ईशान किशन के हाथों में होगी। पंजाब की टीम इस सीजन में अब तक अच्छी लय में नजर आई है। टीम ने तीन मैचों में दो जीत हासिल की है, जबकि एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था। 5 अंकों के साथ पंजाब अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है।
वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन अब तक उतार-चढ़ाव भरा रहा है। टीम ने तीन मैचों में एक जीत दर्ज की है, जबकि दो मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। हैदराबाद फिलहाल अंक तालिका में छठे स्थान पर है।
हेड टू हेड रिकॉर्ड
अगर दोनों टीमों के बीच पिछले रिकॉर्ड पर नजर डालें, तो सनराइजर्स हैदराबाद का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 24 मैच खेले गए हैं, जिनमें हैदराबाद ने 17 मैच जीते हैं, जबकि पंजाब किंग्स को सिर्फ 7 मुकाबलों में जीत मिली है। हाल के मुकाबलों में भी हैदराबाद ने बढ़त बनाए रखी है।
पिच रिपोर्ट
मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह पीसीए स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 167 से 180 रन के बीच रहता है। वहीं दूसरी पारी में औसत स्कोर 116 से 146 रन तक रहता है। ऐसे में आज के मुकाबले में भी अच्छा स्कोर देखने को मिल सकता है।
इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
इस मैच में दोनों टीमों के कई स्टार खिलाड़ियों पर सभी की नजरें रहेंगी। पंजाब किंग्स के लिए श्रेयस अय्यर, प्रभसिमरन सिंह, विजय कुमार वैशाक और मार्को यानसन अहम भूमिका निभा सकते हैं। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन जैसे खिलाड़ी मैच का रुख बदल सकते हैं।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
- पंजाब किंग्स : श्रेयस अय्यर (कप्तान), अर्शदीप सिंह, प्रियांश आर्य, अजमतुल्लाह उमरजई, जेवियर बार्टलेट, युजवेंद्र चहल, कूपर कोनोली, लॉकी फर्ग्यूसन, हरप्रीत बराड़, मार्को यानसन, प्रभसिमरन सिंह, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, नेहल वढेरा सहित अन्य खिलाड़ी।
- सनराइजर्स हैदराबाद : ईशान किशन (कप्तान/विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टोन, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, शिवम मावी सहित अन्य खिलाड़ी।

