कब्र से निकाला गया नाबालिग का शव, दुष्कर्म और हत्या के आरोप से मचा हड़कंप, पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक नाबालिग लड़की की दफनाई गई लाश को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने का मामला सामने आया है। पुलिस, प्रशासन और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को कब्र से निकालकर रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज की मर्चरी भेजा गया। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल की निगरानी में और पूरी वीडियोग्राफी के साथ कराया जाएगा, ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके। कब्र से शव निकालने के दौरान गांव में भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन के मुताबिक यह कार्रवाई पीड़ित मां की शिकायत के बाद की गई है, जिसने अपनी बेटी की मौत को संदिग्ध बताते हुए न्याय की मांग की थी।

मां ने लगाया दुष्कर्म और हत्या का आरोप

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को पीड़िता की मां ने एसपी पलाश बंसल से मुलाकात की। महिला ने बेटी के साथ दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दफन किए गए शव को कब्र से निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

संदिग्ध हालात में घर में मिला था शव

मामला गिरवां थाना क्षेत्र का है। 2 से 3 अप्रैल की रात नाबालिग लड़की का शव उसके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। उस समय मां ने गांव वालों के कहने पर बिना पोस्टमार्टम कराए रातों-रात शव को दफन कर दिया था। कुछ दिनों तक मामला शांत रहा, लेकिन 10 अप्रैल को मां अचानक एसपी कार्यालय पहुंची और लिखित शिकायत देकर बेटी के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया। महिला ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की।

गांव वालों का अलग दावा, प्रेम प्रसंग की बात

वहीं गांव के लोगों ने पुलिस को अलग जानकारी दी है। ग्रामीणों के अनुसार लड़की का गांव के ही एक किशोर से प्रेम प्रसंग था। बताया गया कि कुछ दिन पहले मां ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसके बाद दोनों को डांट-फटकार लगाई गई और पिटाई भी की गई थी। ग्रामीणों का दावा है कि युवक को पकड़ लिया गया था, लेकिन वह लड़की की मां को धक्का देकर भाग गया। इसके बाद उसी रात लड़की ने आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि बिना पुलिस को सूचना दिए परिजनों ने गांव वालों की मौजूदगी में शव को दफन कर दिया था।

हत्या, आत्महत्या और ऑनर किलिंग के एंगल से जांच

अब महिला द्वारा गांव के युवक और उसके साथी पर गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस हत्या, आत्महत्या और ऑनर किलिंग समेत सभी पहलुओं से जांच कर रही है। क्योंकि प्रेम प्रसंग और आपत्तिजनक हालत में मिलने के बाद ही लड़की का शव घर में मिला था। डीएसपी कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि महिला के आवेदन के बाद जिलाधिकारी की अनुमति ली गई। इसके बाद प्रशासनिक मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजूदगी में शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा बड़ा खुलासा

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच टीमों की रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले का खुलासा होगा। फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों को जुटाने और साक्ष्य एकत्र करने में लगी है। अधिकारियों के अनुसार जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, ताकि नाबालिग की मौत की असली वजह सामने लाई जा सके।

Hot this week

गिरिडीह में रिश्वत लेते JE गिरफ्तार, ACB ने 5 हजार रुपए के साथ पकड़ा

ACB Jharkhand : झारखंड के गिरिडीह जिले के राजधनवार...

Topics

चाईबासा में युवक का संदिग्ध शव मिला, हत्या की आशंका, जांच जारी

Chaibasa news : झारखंड के चाईबासा जिले के कुमारडूंगी...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img