Babulal Marandi : झारखंड की राजनीति में भ्रष्टाचार को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। BJP नेता और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी (Babulal Marandi) ने राज्य की मौजूदा स्थिति पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में भ्रष्टाचार तेजी से बढ़ रहा है और यह राज्य को अंदर से कमजोर कर रहा है।
मरांडी ने कहा कि राज्य की प्राकृतिक संपदा और सरकारी खजाने की सुनियोजित तरीके से लूट हो रही है। उनका दावा है कि यह समस्या अब हर स्तर तक फैल चुकी है।
केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग
बाबूलाल मरांडी ने इस मामले में केंद्र सरकार (Central government) से हस्तक्षेप की अपील की है। उन्होंने नरेंद्र मोदी और अमित शाह से आग्रह किया है कि केंद्रीय एजेंसियों को झारखंड में सक्रिय कर भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, दोषियों के खिलाफ जल्द और कड़ी कार्रवाई की मांग भी की है।
प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल
मरांडी ने राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि थाना, प्रखंड, अनुमंडल कार्यालय, DC-SP कार्यालय और सचिवालय तक-हर जगह भ्रष्टाचार फैला हुआ है।
ACB की भूमिका पर उठाए सवाल
उन्होंने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। मरांडी का आरोप है कि जो Agency भ्रष्टाचार रोकने के लिए बनाई गई है, वही अब भ्रष्ट लोगों को बचाने का काम कर रही है।
ऑडिट की मांग, बड़े घोटाले का दावा
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अभी जो सामने आ रहा है, वह सिर्फ एक छोटा हिस्सा है। उनका दावा है कि यदि सभी जिलों और विभागों की निष्पक्ष जांच और Audit कराई जाए, तो घोटाले की रकम हजारों करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है।

