Giridih : गिरिडीह में बिहार एसटीएफ और बेंगाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नक्सली मामले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी काफी समय से फरार चल रहे थे और नक्सली गतिविधियों में शामिल रहे हैं। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों को बाद में बिहार पुलिस अपने साथ ले गई।
बेंगाबाद इलाके से हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में पहला नाम पंकज यादव का है। वह बिहार के जमुई जिले के चरकापत्थर थाना क्षेत्र के चिलकाखार गांव का रहने वाला है और दरोगी यादव का पुत्र है। दूसरा आरोपी पवन सिंह है, जो कोडरमा जिले के सतगांवा थाना क्षेत्र के तांतीभागलपुर गांव का निवासी है और सुदामा सिंह का बेटा है। दोनों को गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई पटना एसटीएफ और बेंगाबाद पुलिस ने मिलकर की।
सूचना मिलने के बाद बनी संयुक्त टीम
बताया जाता है कि बिहार के पटना स्थित एसटीएफ को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी बेंगाबाद थाना इलाके में छिपकर रह रहे हैं। इसके बाद एसटीएफ की टीम तुरंत गिरिडीह पहुंची और मामले की जानकारी गिरिडीह के एसपी डॉ. बिमल कुमार को दी गई। एसपी ने सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव को निर्देश दिया कि बिहार पुलिस की कार्रवाई में पूरा सहयोग किया जाए। इसके बाद बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त रूप से छापेमारी शुरू की।
घेराबंदी कर मंझलाटोल गांव से पकड़े गए
पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी बेंगाबाद थाना क्षेत्र के गोलगो पंचायत के मंझलाटोल गांव में छिपे हुए हैं। इसके बाद एसटीएफ की टीम इंस्पेक्टर अयोध्या प्रसाद के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। स्थानीय पुलिस की मदद से पूरे गांव की घेराबंदी की गई और कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
कई थानों में दर्ज हैं नक्सली मामले
पुलिस के मुताबिक दोनों के खिलाफ बिहार के जमुई जिले के चरकापत्थर थाना में कांड संख्या 143/25 दर्ज है, जो नक्सली घटना से जुड़ा हुआ है। बिहार पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी भाकपा माओवादी संगठन के सक्रिय सदस्य हैं। इतना ही नहीं, इनके खिलाफ बिहार के जमुई, चकाई, चरकापत्थर और चंद्रदीप थाना के अलावा झारखंड के गिरिडीह जिले के तिसरी ब्लॉक और कोडरमा जिले के सतगांवा थाना में भी नक्सली गतिविधियों से जुड़े मामले दर्ज हैं।
बेल पर बाहर आए नक्सली को मारी थी गोली
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी उस घटना में भी शामिल थे जिसमें चरकापत्थर थाना क्षेत्र में बेल पर बाहर आए नक्सली लखन यादव को गोली मार दी गई थी। इस घटना के बाद से दोनों फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।
पूछताछ के बाद कई जगहों पर छापेमारी
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों से पूछताछ की गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक उनसे मिली जानकारी के आधार पर कई और ठिकानों पर भी छापेमारी की गई है।
एसडीपीओ ने क्या कहा
इस मामले में सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि बिहार एसटीएफ की टीम गिरिडीह आई थी। बेंगाबाद थाना पुलिस के सहयोग से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बिहार पुलिस ने बताया है कि दोनों के खिलाफ नक्सली कांड दर्ज है और उन्हें अपने साथ बिहार ले जाया गया है।
