West Bengal Elections: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। अमित शाह ने कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी का “भरोसा पत्र” जारी किया। इस घोषणापत्र में महिलाओं, युवाओं और कर्मचारियों को लेकर कई बड़े वादे किए गए हैं। नकद सहायता, रोजगार, वेतन आयोग और समान नागरिक संहिता जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी गई है।
अमित शाह बोले, बंगाल बदलाव चाहता है
अमित शाह ने कहा कि यह संकल्प पत्र बेरोजगार युवाओं और महिलाओं के लिए नई उम्मीद लेकर आया है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है।
उन्होंने कहा कि पहले लेफ्ट से परेशान जनता ने ममता बनर्जी को मौका दिया और फिर तीसरी बार भी जनादेश दिया। लेकिन अब बंगाल की जनता बदलाव चाहती है।
45 दिन में सातवां वेतन आयोग लागू करने का वादा
अमित शाह ने घोषणा की कि अगर बीजेपी सरकार बनती है तो 45 दिनों के भीतर सातवां वेतन आयोग लागू किया जाएगा।
इसके साथ ही बकाया डीए का भुगतान भी सुनिश्चित करने का वादा किया गया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को प्राथमिकता दी जाएगी।
महिलाओं को हर महीने ₹3000 देने का ऐलान
बीजेपी ने महिलाओं के लिए बड़ा वादा किया है। अमित शाह ने कहा कि हर महीने एक से पांच तारीख के बीच महिलाओं के खातों में 3000 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे।
इसके अलावा महिलाओं के लिए ये घोषणाएं भी की गईं
- मुफ्त बस यात्रा
- 75 लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य
- दुर्गा सुरक्षा स्क्वॉड का गठन
- दो नई महिला सुरक्षा बटालियन
- सरकारी नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण
छह महीने में UCC लागू करने का वादा
अमित शाह ने कहा कि सरकार बनने के छह महीने के भीतर समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य की सीमाओं को घुसपैठ के खिलाफ मजबूत किया जाएगा और सीमा सुरक्षा के लिए बाड़ लगाने का काम तेज किया जाएगा।
बेरोजगार युवाओं के लिए बड़े ऐलान
बीजेपी ने युवाओं के लिए भी कई घोषणाएं की हैं
- एक करोड़ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर
- बेरोजगार युवाओं को 3000 रुपये मासिक भत्ता
- उद्योग लगाने के लिए युवाओं को प्रोत्साहन
- पहले 100 दिनों में औद्योगिक रोडमैप
बंगाल में केंद्रीय योजनाएं लागू करने का वादा
अमित शाह ने कहा कि आयुष्मान भारत समेत सभी केंद्रीय योजनाएं पश्चिम बंगाल में लागू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ाई जाएगी और नदी-नालों में पेट्रोलिंग की व्यवस्था की जाएगी।
भ्रष्टाचार और माफिया राज खत्म करने का दावा
अमित शाह ने कहा कि बीजेपी सरकार बनने पर भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए समयबद्ध रोडमैप तैयार किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि माफिया राज समाप्त किया जाएगा और ममता सरकार के 15 साल का श्वेतपत्र जारी किया जाएगा।
संस्कृति और विकास पर भी फोकस
बीजेपी ने सांस्कृतिक और विकास से जुड़े कई वादे भी किए
- वंदे मातरम् म्यूजियम का निर्माण
- ग्रेटर कोलकाता का विकास
- दार्जिलिंग चाय को वैश्विक पहचान
- उत्तर बंगाल में औद्योगिक विकास
महिलाओं और स्वास्थ्य कर्मियों के लिए घोषणाएं
अमित शाह ने कहा कि
- आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाया जाएगा
- पीड़ित महिलाओं के लिए रिटायर्ड महिला जज की अध्यक्षता में सुनवाई
- महिला सुरक्षा के लिए विशेष स्क्वॉड
अमित शाह ने दावा किया कि बीजेपी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और बंगाल को “सोनार बांग्ला” बनाने की दिशा में काम करेगी।

