Koraput (Odisha) : ओडिशा के कोरापुट जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जहां यात्रियों से भरी एक वॉल्वो बस और ट्रक की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना कोरापुट जिले के पोट्टांगी ब्लॉक में सुनकी घाट रोड पर सुबह करीब 3 बजे हुई। मिली जानकारी के अनुसार बस कालाहांडी जिले के भवानीपटना से विशाखापत्तनम जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद बस का संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 30 फीट नीचे खाई में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पोट्टांगी, सेमिलिगुडा और जयपुर फायर स्टेशन की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया। खाई में बस गिरने के कारण बचाव कार्य काफी मुश्किल रहा। सभी घायलों को पोट्टांगी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से भवानीपटना के एक 40 वर्षीय व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बस में करीब 25 यात्री सवार थे, जिनमें से कई घायल हुए हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक और घायलों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

