9 महीने तक नहीं सुलझा केस, हाईकोर्ट की फटकार के बाद एक्शन, थाने के पुलिसकर्मी सस्पेंड

Bokaro : झारखंड के बोकारो जिले में एक बड़ा फैसला सामने आया है। पिंड्राजोरा थाना में लापरवाही बरतने के आरोप में एक साथ कई पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि मामले के निष्पादन में जानबूझकर लापरवाही के कारण यह कार्रवाई की गई है। मिली जानकारी के अनुसार 24 जुलाई 2025 को पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र की 18 वर्षीय पुष्पा महतो के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। लेकिन करीब 9 महीने तक पुलिस उसे खोज नहीं पाई। इसके बाद परिजन हाईकोर्ट पहुंचे, जहां पुलिस की कार्यशैली पर कड़ी टिप्पणी की गई। कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद मामले में तेजी आई और एक ही दिन में खुलासा कर दिया गया।

प्रेमी ने की हत्या, कंकाल बरामद

जांच में सामने आया कि पुष्पा महतो की हत्या उसके प्रेमी दिनेश कुमार महतो ने की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर चास कॉलेज के पीछे जंगल से युवती के कंकाल के अवशेष, कपड़े और हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि युवती उस पर शादी का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर उसने हत्या की योजना बनाई। 21 जुलाई 2025 को वह उसे बहाने से सुनसान इलाके में ले गया और चाकू से वार कर हत्या कर दी।

पुलिस पर गंभीर आरोप

एसआईटी जांच में यह भी सामने आया कि कुछ पुलिसकर्मी आरोपी को बचाने की कोशिश कर रहे थे। उन पर केस को कमजोर करने, आरोपी से पैसे लेने और गोपनीय जानकारी लीक करने के आरोप लगे हैं। जांच में पुलिसकर्मियों का व्यवहार संदिग्ध पाया गया। इन्हीं कारणों से बोकारो एसपी ने थाना में तैनात 10 सब-इंस्पेक्टर और 5 एएसआई समेत कई पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है।

आरोपी न्यायिक हिरासत में

पुलिस ने आरोपी दिनेश कुमार महतो को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उसके पास से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img